मौत का निवेश: पैसा डबल करने का झांसा देकर ली कारोबारी की जान, बिलासपुर के 3 नामजद ठगों पर FIR की तैयारी…NV News
Share this
NV News मुंगेली। जिला मुख्यालय मुंगेली में महज तीन महीने के भीतर गाढ़ी कमाई को दोगुना और तिगुना करने का सब्जबाग दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने और एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह बर्बाद करने का एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। चिटफंड और फर्जी निवेश के नाम पर हुई इस बड़ी धोखाधड़ी के गहरे सदमे और अत्यधिक मानसिक तनाव के कारण परिवार के मुखिया अजय देवांगन की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद न्याय की आस में मृतक की बेबस विधवा सुनीता देवांगन ने आज अपने परिजनों और दर्जनों गवाहों के साथ मुंगेली पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के गांधी वार्ड (सदर बाजार) निवासी सुनीता देवांगन ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में बिलासपुर निवासी तीन शातिर ठगों— ऋषि देवांगन, अरुण बंजारे और नीलू यादव के नामों का खुलासा किया है। पीड़िता ने बताया कि इन तीनों आरोपियों ने मिलकर उनके पति को झांसे में लिया था और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। जब पैसे वापस मिलने का समय आया, तो आरोपी टालमटोल करने लगे, जिससे उनके पति गहरे मानसिक आघात और डिप्रेशन में चले गए और अंततः अत्यधिक तनाव के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
कलेक्ट्रेट और एसपी दफ्तर में शिकायत दर्ज कराने के दौरान पीड़िता के साथ आए परिजनों और स्थानीय गवाहों ने भी पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि इन ठगों ने न केवल पैसे छीने हैं, बल्कि एक व्यक्ति को मौत के मुंह में धकेला है। सुनीता देवांगन ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी गाढ़ी कमाई की राशि वापस दिलाने और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने का आग्रह किया है। मुंगेली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर के तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।

