Dongargarh Crime: नशीला पेय पिलाकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, आपत्तिजनक फोटो से ब्लैकमेल कर वसूले 1 लाख…NV News
Share this
NV News डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में महिला को नशीला पदार्थ मिला पेय पिलाकर उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में आपत्तिजनक फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर करीब एक लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 दिसंबर 2025 की है। आरोपी आदित्य अग्रवाल ने महिला को कुछ दस्तावेज देने के बहाने उसके ऑफिस के बाहर बुलाया था। महिला के बाहर आने के बाद आरोपी उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में आरोपी ने उसे स्लाइस पिलाई। कुछ देर बाद महिला को चक्कर आने लगे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को डोंगरगढ़ मंदिर के आसपास स्थित एक मकान के कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां शाम करीब 4 बजे महिला की इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद शाम करीब 7 बजे आरोपी महिला को उसके घर के पास छोड़कर चला गया।
आपत्तिजनक फोटो के जरिए किया ब्लैकमेल
आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी महिला को तस्वीरें उसके पति को भेजने और उन्हें वायरल करने की धमकी देता था। लगातार धमकी और दबाव बनाकर आरोपी ने महिला से करीब एक लाख रुपये वसूल लिए।
लगातार मानसिक दबाव और धमकियों से परेशान महिला ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी आदित्य अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

