सनसनी: फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिला पुलिस आरक्षक का शव…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ एक पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान रमाकांत सिंह के रूप में हुई है, जिनका शव एक फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में तैरता हुआ पाया गया। आरक्षक की मौत की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे। शुरुआती जांच में मौत का कारण स्विमिंग पूल में डूबना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरक्षक फार्म हाउस में किसके साथ गए थे और घटना के वक्त वहां कौन-कौन मौजूद था। माना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फार्म हाउस के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। रायपुर जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में एक पुलिस जवान की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

