सुशासन तिहार में अजीबोगरीब मांग: समाधान शिविर में युवक ने मांगा ‘गोवा ब्रांड’, सुनकर मुस्कुराने लगे मंत्री…NV News

Share this

NV News पिथौरा- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत पिथौरा के ग्राम मुढ़ीपार में एक अनोखा वाकया सामने आया। समाधान शिविर में जहाँ लोग पानी, बिजली और पेंशन जैसी बुनियादी समस्याओं के आवेदन लेकर पहुँच रहे थे, वहीं एक ग्रामीण ने आबकारी विभाग के काउंटर पर ‘गोवा ब्रांड’ की शराब उपलब्ध कराने की लिखित मांग कर दी। युवक का तर्क था कि सरकारी दुकानों में पसंदीदा ब्रांड न मिलने से असुविधा होती है, इसलिए इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इस अजीबोगरीब मांग को सुनकर वहां मौजूद अधिकारी हैरान रह गए, वहीं जब यह बात मुख्य अतिथि और मंत्रियों तक पहुंची तो वे भी अपनी मुस्कुराहट नहीं रोक पाए। समाधान शिविर में आमतौर पर गंभीर प्रशासनिक शिकायतों का निराकरण किया जाता है, लेकिन इस ‘शराब डिमांड’ ने माहौल को कुछ देर के लिए खुशनुमा और चर्चा का विषय बना दिया। युवक का यह आवेदन अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूरी गंभीरता के साथ अपनी पसंद की शराब की आपूर्ति की गुहार लगा रहा है।

प्रशासनिक दृष्टिकोण से ‘सुशासन तिहार’ का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उनकी शिकायतों को दूर करना है। हालांकि इस मांग पर कोई आधिकारिक कार्यवाही होना संभव नहीं है, लेकिन इसने सरकारी शराब दुकानों में स्टॉक और ब्रांड चॉइस के मुद्दे को एक मजाकिया लहजे में चर्चा में ला दिया है। शिविर में मौजूद ग्रामीणों के बीच भी यह मांग दिन भर कौतूहल का विषय बनी रही, जबकि आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने आवेदन लेकर उसे फाइलों में दबा दिया।

Share this

You may have missed