ग्रामीण में विकास की नई सौगात: वार्ड 8 में सतनामी समाज सामुदायिक भवन का हुआ भूमिपूजन…NV News
Share this
NV News- Raipur रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 8 में विकास कार्यों को नई गति मिली है। क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल साहू के निर्देशानुसार, उनके प्रतिनिधि मैकमिलन साहू ने वार्ड में सतनामी समाज सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया। इस अवसर पर नगर निगम के एमआईसी सदस्य खेमकुमार सेन और वार्ड पार्षद सावित्री धीवर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और वार्डवासी उपस्थित रहे। अतिथियों ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की।
विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू ने इस दौरान अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जोन 9 के कमिश्नर राकेश शर्मा और उपअभियंता आशुतोष पाण्डेय को निर्देशित किया कि सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य के दौरान सतत मॉनिटरिंग की जाए ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और क्षेत्र के नागरिकों को जल्द से जल्द इस भवन की सुविधा मिल सके।
वार्ड पार्षद सावित्री धीवर ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए विधायक मोतीलाल साहू और उनके प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन के बनने से वार्डवासियों और समाज के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सुविधा होगी। भूमिपूजन के दौरान वार्ड के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, जिन्होंने विकास कार्यों की पहल का स्वागत किया।

