पुलिस का एक्शन: सात समंदर पार अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार…NV News

Share this

रायपुर: राजधानी की साइबर सेल और रायपुर पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ‘डिजिटल डकैती’ के मास्टरमाइंड विकास शुक्ला को सोलापुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह रायपुर के पॉश इलाकों (गंज और न्यू राजेंद्र नगर) में छिपकर अवैध कॉल सेंटर संचालित कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक कुल 42 आरोपियों को दबोचा जा चुका है। ये शातिर ठग डार्क वेब से अमेरिकी नागरिकों का डेटा हासिल कर उन्हें ‘लो-सिविल स्कोर’ सुधारने और आरबीआई के फर्जी दस्तावेजों के जरिए डराकर करोड़ों की चपत लगा चुके हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार केवल भारत ही नहीं, बल्कि चीन और गुजरात के बड़े सिंडिकेट से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 67 मोबाइल, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 16.53 लाख रुपये बताई जा रही है। मास्टरमाइंड विकास शुक्ला डार्क वेब के जरिए डेटा लीक कर अमेरिकी नागरिकों को टारगेट करता था और उनसे डॉलर में पेमेंट लेकर उसे अलग-अलग खातों के जरिए भारतीय मुद्रा में बदलता था। अब तक इस गिरोह द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का अनुमान है।

रायपुर एसएसपी ने बताया कि यह इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपरेशन शहर के पिथालिया कॉम्प्लेक्स और अंजनी टावर में चलाया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हरियाणा के युवक भी शामिल हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार साथियों और डार्क वेब पर उनके संपर्कों की तलाश कर रही है। रायपुर पुलिस की इस मुस्तैदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।

Share this

You may have missed