Raipur Telibandha Chowk: तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा, किसी तरह का भ्रम न रखें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय…NV News

Share this

NV News रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया जाएगा और इसके मूल स्वरूप के साथ भी कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक को केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसे लेकर किसी भी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए।

जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री गुरुवार को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं।

दुर्ग जिले को मिलेगी विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के अवसर पर दुर्ग जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Share this

You may have missed