MCB Crime News: पुलिस की कथित धमकी से परेशान महिला ने लगाई फांसी, जिले में मचा हड़कंप…NV News

Share this

NV News कोरिया: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के भरतपुर विकासखंड से एक बेहद दर्दनाक और संदेहास्पद आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां के कोटाडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करचा में एक महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे ग्रामीण इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं मृतका के परिजनों के बयानों ने पुलिस प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।

घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस की किसी मामले में चल रही कार्रवाई और अधिकारियों की कथित धमकी के कारण महिला मानसिक रूप से अत्यंत तनाव और परेशानी से गुजर रही थी। परिजनों के मुताबिक पुलिस के इसी कथित दबाव और डर की वजह से महिला इस कदर टूट गई कि उसने अंततः मौत को गले लगाने जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।

इस संवेदनशील मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रशासन ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this

You may have missed