Road Accident: मरकाटोला घाट में DJ वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 युवकों की मौत; 5 घायल…NV News
Share this
NV News बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मरकाटोला घाट के पास खड़े डीजे से जुड़े पिकअप वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया और पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे। दुर्घटना में ट्रक चालक समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डीजे से बंधी पिकअप मरकाटोला घाटी के पास खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
मरकाटोला घाट क्षेत्र में सड़क हादसों को लेकर पहले भी चिंता सामने आती रही है। पिछले महीने इसी मार्ग पर मुंबई की बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की भी सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

