Janjgir-Champa News: शिवरीनारायण को विकास की बड़ी सौगात, महानदी पर 63 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा नया पुल…NV News
Share this
NV News जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में आयोजित तीन दिवसीय भव्य ‘शिवरीनारायण महोत्सव’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक नए पुल के निर्माण की बड़ी घोषणा की। साथ ही नगर के गंदे पानी के समुचित शोधन के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थापना और शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में सर्वे कराने का भी ऐलान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से शिवरीनारायण का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। महानदी पर नए पुल के निर्माण से आसपास के गांवों और क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क बहुत सुगम हो जाएगा। वहीं, एसटीपी प्लांट के बन जाने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त होगी और पवित्र महानदी के संरक्षण में भी बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत इस क्षेत्र का सुनियोजित विकास किया जाएगा।
माता शबरी की इस पावन धरती पर पहुँचने को अपना सौभाग्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण की भूमि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अगाध आस्था का प्रतीक है। इस दौरान उन्होंने गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की और मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रतिदिन संध्या आरती की परंपरा को आगे बढ़ाने पर प्रसन्नता जताई।
राज्य सरकार की गारंटियों और कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना से माताओं-बहनों का आर्थिक स्वावलंबन मजबूत हो रहा है, तो वहीं किसानों से किए गए वादों के तहत धान की बंपर खरीदी और बकाया बोनस का भुगतान किया गया है। इसके अलावा, राज्य में पक्के आवासों के निर्माण और बस्तर से लेकर अन्य अंचलों में शांति व विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी राज्यमंत्री तोखन साहू और सांसद कमलेश जांगड़े ने भी जल संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्थानीय विधायक रामसुंदर दास, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नारायण चंदेल और पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे सहित तमाम गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

