सौतन का खूनी खेल: lपहली पत्नी ने धारदार हथियार से की दूसरी की बेरहमी से हत्या, वारदात के बाद खुद पहुंची थाना…NV News

Share this

NV News बालोद, 1 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम नेवारीकला में एक दिलदहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आपसी कलह और ईर्ष्या के चलते एक महिला ने अपनी ही सौतन को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहली पत्नी अमृता बाई (42 वर्ष) ने अपने पति की दूसरी पत्नी दया बाई (47 वर्ष) पर देर रात सोते समय धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में दया बाई की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

वारदात का खुलासा तब हुआ जब आधी रात को अचानक पति की नींद खुली। उसने देखा कि उसकी दूसरी पत्नी दया बाई लहूलुहान हालत में बिस्तर पर मृत पड़ी है। घर में मचे इस कोहराम के बीच, आरोपी पहली पत्नी अमृता बाई ने भागने या छिपने के बजाय सीधे बालोद थाने का रुख किया। उसने पुलिस के सामने पहुंचकर न सिर्फ अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि बेहद ठंडे दिमाग से आत्मसमर्पण (सरेंडर) करते हुए कहा कि उसने अपनी सौतन की हत्या कर दी है। महिला के मुंह से कत्ल की बात सुनते ही थाने में मौजूद पुलिस कर्मी भी सन्न रह गए।

सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम तुरंत रात में ही घटनास्थल ग्राम नेवारीकला के लिए रवाना हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद, आपसी रंजिश और सौतन के प्रति लंबे समय से मन में दबे आक्रोश का नजर आ रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है कि इस खूनी वारदात के पीछे क्या कोई और वजह भी शामिल थी।

Share this

You may have missed