निगम का ‘हंटर’: नोटिस के बाद भी दबाकर बैठे थे लाखों का टैक्स, जोन 8 की टीम ने 8 बड़े ठिकानों पर जड़ा ताला; व्यापारियों में मची खलबली…NV News
Share this
NV News रायपुर। राजधानी के नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 8 के राजस्व विभाग ने टैक्स चोरी और बकाया राशि डकारने वाले व्यवसायियों के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। आयुक्त विश्वदीप और अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक के कड़े रुख के बाद, आज राजस्व टीम ने वार्ड क्रमांक 1 और 2 में अभियान चलाकर उन 8 बड़े बकायेदारों के व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद कर दिया, जो पिछले कई वर्षों से निगम का पैसा दबाकर बैठे थे। विभाग द्वारा बार-बार डिमांड नोटिस और अंतिम चेतावनी देने के बावजूद इन बकायेदारों ने बकाया राशि जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।
जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में टीम ने वीर सावरकर नगर (वार्ड 1) और पंडित जवाहर लाल नेहरू नगर (वार्ड 2) में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान रामपाल लहरी, सुकलहीन लहरी, मो. अब्दुल कलाम, बलविंदर सिंह, ओमप्रकाश तिवारी और अंकित साव जैसे बड़े बकायेदारों के ठिकानों पर ताला जड़ा गया। सबसे बड़ी कार्रवाई वार्ड 2 के निखिल ट्रेडर्स (5.07 लाख रुपये बकाया) और संतोषी देवी/रामनिवास (8.36 लाख रुपये बकाया) के परिसरों पर हुई। निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल ने स्पष्ट किया कि निगम अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर ही परिसरों को सील कर दिया और यह स्पष्ट कर दिया कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक ये व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इस अभियान में राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा सहित पूरी टीम मुस्तैद रही। निगम अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य वार्डों के बकायेदारों पर भी इसी तरह की गाज गिर सकती है, इसलिए बेहतर है कि समय पर करों का भुगतान किया जाए।
