प्लांट में ‘धमाका’ और चारों ओर बिछ गई लाशें: बॉयलर फटने से मची भारी तबाही, 3 मजदूरों के चिथड़े उड़े; दर्जनों जिंदगी मौत की जंग लड़ रही…NV News
Share this
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट (पूर्व में आरकेएम पावरजेन) से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। प्लांट के भीतर काम के दौरान अचानक बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की जमीन तक हिल गई और काम कर रहे मजदूरों को भागने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में दो दर्जन से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया गया है।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में युद्ध जैसी स्थिति निर्मित हो गई। चीख-पुकार और धुएं के गुबार के बीच बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसके कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची है। वहीं, इस भयावह मंजर को देखकर साथी कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और मेंटेनेंस में लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे हैं।
वर्तमान में प्लांट के बाहर भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। गुस्साए लोग मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जाँच की बात कही है, ताकि विस्फोट के असल कारणों का पता लगाया जा सके। सक्ती और आसपास के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा और मजदूरों की जान की कीमत पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
