राजिम त्रिवेणी संगम में धर्मांतरित लोगों के पितरों और अज्ञात पितृजनों का श्राद्ध-तर्पण, 2021 से जारी परंपरा
Oplus_131072
Share this
NV News Raipur: राजिम त्रिवेणी संगम “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को चरितार्थ करते हुए स्वामी विवेकानंद विचार मंच के द्वारा राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में विशेष श्राद्ध एवं तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऐसे पितृजनों का स्मरण और श्राद्ध-तर्पण किया गया, जिनका परिवार या समाज में कोई स्मरण करने वाला नहीं है।




आयोजकों के अनुसार, हिंदू धर्म छोड़कर अन्य धर्मों में धर्मांतरित हो चुके लोगों के पितरों के साथ-साथ उन सभी अज्ञात एवं विस्मृत पितृजनों को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया, जिनके लिए श्राद्ध एवं तर्पण करने वाला कोई नहीं है। इस पहल के माध्यम से मंच के सदस्यों ने समाज में सेवा, समरसता और “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना का संदेश दिया।
स्वामी विवेकानंद विचार मंच द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम वर्ष 2021 से निरंतर किया जा रहा है और इस वर्ष इसका छठा आयोजन संपन्न हुआ। त्रिवेणी संगम में विधि-विधान के साथ पितृजनों के लिए श्राद्ध एवं तर्पण किया गया तथा उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद विचार मंच के सदस्यों के अलावा रायपुर, गरियाबंद और धमतरी जिले से भी बड़ी संख्या में साथी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पितृजनों का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
आयोजकों ने कहा कि जिन पितृजनों को याद करने वाला कोई नहीं है, उनका स्मरण करना और उनके लिए तर्पण करना सामाजिक एवं मानवीय दायित्व की भावना को मजबूत करता है। इसी उद्देश्य के साथ मंच द्वारा यह आयोजन हर वर्ष निरंतर किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने समाज में आपसी सद्भाव, सेवा और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

