सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा कदम: ‘मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना’ के तहत बोर्ड टॉपरों का होगा सम्मान; मिलेंगे ₹2-2 लाख…NV News

Share this

NV News- CM Noni-Babu Medhavi Shiksha Sahayata Yojana: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित एक विशेष और भव्य कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। दोपहर ढाई बजे आयोजित होने वाले इस गरिमामयी समारोह में मुख्यमंत्री ‘मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना’ के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक परिवारों के होनहार बच्चों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में टॉप-10 में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया जाएगा।

श्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में आने वाले प्रत्येक मेधावी छात्र को कुल ₹2 लाख की प्रोत्साहन सहायता राशि दी जा रही है। इसमें ₹1 लाख की नकद प्रोत्साहन राशि और आगे की पढ़ाई की सुविधा के लिए दोपहिया वाहन (टू-व्हीलर) खरीदने हेतु अतिरिक्त ₹1 लाख का अनुदान शामिल है, जो सीधे डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर निर्माण श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए संबंधित श्रमिक का मंडल में कम से कम 90 दिन पूर्व पंजीकृत होना अनिवार्य है, और यह लाभ परिवार के प्रथम दो बच्चों को ही मिलता है। मुख्यमंत्री की इस पहल से न केवल मजदूर परिवारों के बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि वे बिना किसी वित्तीय बोझ के देश और राज्य के विकास में अपना योगदान दे सकेंगे।

Share this

You may have missed