CG PM Awas Success: छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के आते ही बदली तस्वीर, 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास हुए पूरे…NV News
Share this
NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के बाद से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में ऐतिहासिक तेजी आई है। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए, जहां प्रदेश में सरकार गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) पूर्ण होने का उत्सव मनाया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने 11 चुनिंदा हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकान की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने जल संरक्षण पर आधारित ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों के कॉम्पेंडियम (पुस्तिका) का विमोचन भी किया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने शपथ लेने के तुरंत बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और राशि जारी करने का बड़ा फैसला लिया था। सरकार के निरंतर प्रयासों का ही नतीजा है कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश के भीतर 11 लाख से अधिक पीएम आवासों का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसमें से विगत वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 6 लाख आवास पूर्ण किए गए, जो पूरे देश में किसी भी राज्य द्वारा एक वर्ष में सर्वाधिक आवास बनाने का नेशनल रिकॉर्ड है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती 100 दिनों (1 अप्रैल से 9 जुलाई 2026) के भीतर ही 1 लाख 51 हजार घर तैयार किए जा चुके हैं, यानी छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक गरीबों के मकान पूरे हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘मोर गांव-मोर पानी’ महाअभियान की प्रगति रिपोर्ट भी सामने रखी गई। इस जनभागीदारी आधारित महाअभियान की शुरुआत 24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस पर की गई थी। इसके अंतर्गत पूर्ववर्ती मनरेगा एवं वर्तमान वीबी-जीरामजी के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से अधिक जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री व पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा और पीएम आवास ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा सहित हजारों की संख्या में प्रदेशभर से आए हितग्राही मौजूद थे।

