Road Safety Meeting: CM साय ने परिवहन विभाग की समीक्षा की, दुर्घटनाओं पर रोक के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश…NV News
Share this
NV News रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में परिवहन विभाग के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में सुरक्षित, सुगम और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़क हादसों को कम करने का लक्ष्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या घटाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य दुर्घटनाओं में होने वाली संभावित जनहानि को रोकना है। इसके लिए हादसे से पहले प्रभावी रोकथाम के उपायों के साथ दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सहायता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने ‘जीरो फेटेलिटी’ के लक्ष्य की दिशा में ठोस और परिणामोन्मुखी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए परिवहन विभाग के साथ पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और नगरीय निकायों समेत सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की प्रभावी निगरानी और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। बैठक में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को न्यूनतम करने के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित प्रयासों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

