Team Prahari Action: देवेंद्र नगर में बिना अनुमति तानी जा रही थीं 3 व्यावसायिक दुकानें, ‘टीम प्रहरी’ ने चलाया जेसीबी, अवैध निर्माण जमींदोज….NV News

Share this

NV News रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण और बिना अनुमति के व्यावसायिक परिसरों को तानने वालों के खिलाफ ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत एक और बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के कड़े निर्देश पर नगर निगम के अमले ने देवेंद्र नगर सेक्टर-3 क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई जा रही 3 दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त (डिमोलीश) कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नगर सेक्टर-3 में आशीष पटेल नामक व्यक्ति द्वारा बिना किसी वैध अनुमति और निगम से ले-आउट पास कराए लगभग 450 वर्गफीट के क्षेत्र में 3 व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। इस अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता और जोन 2 नगर निवेश विभाग ने संयुक्त रूप से मामले की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित निर्माणकर्ता को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर आज तोड़ने की कार्रवाई की गई।

यह पूरी कार्रवाई यातायात पुलिस बल की मुस्तैदी और सुरक्षा घेरे के बीच जोन 2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गनिर्देशन, कार्यपालन अभियंता पी. डी. धृतलहरे और उपअभियंता श्रीमती अंजलि बारले की मौजूदगी में संपन्न हुई। नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से निर्मित तीनों दुकानों को ढहा दिया। नगर निगम प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि शहर के किसी भी हिस्से में बिना अनुमति के किए जाने वाले अवैध निर्माण और अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this

You may have missed