मिशन बस्तर पर अमित शाह: आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री, नक्सल उन्मूलन और सुरक्षा हालातों की करेंगे हाई-लेवल समीक्षा…NV News
Share this
NV News- रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय अत्यंत महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल दौरे पर आ रहे हैं। देश के गृह मंत्री का यह दौरा बस्तर संभाग और पूरे प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री शाह आज शाम राजधानी रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा करेंगे। इसके बाद वे अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्य रूप से बस्तर अंचल का दौरा कर वहां जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियानों की व्यापक समीक्षा करेंगे।
अपने इस दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के आला अधिकारियों, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CRPF, BSF) और छत्तीसगढ़ पुलिस के शीर्ष कमांडरों के साथ एक हाई-लेवल सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग करेंगे। इस बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन्स, फॉरवर्ड कैंपों की स्थिति और सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की रणनीति पर गहन मंथन होगा। इसके अलावा, शाह नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर सकते हैं, जो केंद्र सरकार के ‘सुरक्षा और विकास’ के संकल्प को दर्शाता है।
इस दौरे का सबसे मुख्य आकर्षण 19 मई को बस्तर में आयोजित होने वाली ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ (Central Zonal Council) की 26वीं बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं अमित शाह करेंगे। इस ऐतिहासिक बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ-साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव भी शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच आपसी समन्वय, सीमा सुरक्षा, और पूर्व-नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए विशेष विकास मॉडल (पब्लिक सर्विस सेंटर के रूप में सुरक्षा कैंपों का उपयोग) पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

