Municipal Council President Rohit Shukla ने मुख्यमंत्री को सौंपा 11 सूत्रीय मांग पत्र, मेडिकल कॉलेज से रिवर व्यू तक की मांग
Share this
NV News मुंगेली। Vishnu Deo Sai का रविवार को मुंगेली दौरा विकास, जनभागीदारी और सौगातों के नाम रहा। मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण किया तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुंगेली के विकास के लिए करोड़ों रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर Municipal Council President Rohit Shukla ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर मुंगेली शहर के समग्र विकास के लिए 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि मुंगेली को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, पर्यावरण और सामाजिक अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़े कार्यों की आवश्यकता है।
विकास की बड़ी मांगें रखीं
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में वार्ड क्रमांक 12 ठक्कर बापा वार्ड में आधुनिक स्कूल भवन निर्माण, जिले में सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज की स्थापना, आगर नदी किनारे रिवर व्यू एवं चौपाटी निर्माण, खर्राघाट मेला स्थल को मिनी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा कुम्हार समाज एवं जायसवाल समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 25-25 लाख रुपये की मांग, आधुनिक ऑडिटोरियम एवं पत्रकारों के लिए प्रेस कॉम्प्लेक्स निर्माण, शहर की सड़कों के उन्नयन के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट, ग्रीन बेल्ट विकास तथा गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार हेतु “गौ मुक्तिधाम” निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मांग पत्र को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुंगेली की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ विचार कर आवश्यक स्वीकृति एवं धनराशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री के दौरे और नगर पालिका अध्यक्ष की सक्रिय पहल से शहरवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों को उम्मीद है कि इन योजनाओं के मूर्त रूप लेने से मुंगेली के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

