जलेश्वर महादेव धाम में सीएम साय ने टेका मत्था: क्षेत्र के विकास के लिए कीं बड़ी घोषणाएं, किसानों को मिलेगी 50 करोड़ की सौगात…NV News

Share this

NV News- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के डोंगरिया गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने सुप्रसिद्ध जलेश्वर महादेव धाम में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं और किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षीरपानी जलाशय मध्यम परियोजना के अंतर्गत 50 करोड़ रुपये की लागत से नहर विस्तारीकरण कार्य को मंजूरी दी। इस परियोजना से क्षेत्र की 1100 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि सिंचित होगी, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव धाम के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये और खरहट्टा से डोंगरिया तक 2.5 किमी सड़क के उन्नयन की घोषणा भी की, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा।

जलेश्वर महादेव धाम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। मान्यता है कि यहां शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ है, जो सावन और महाशिवरात्रि के दौरान आस्था का प्रमुख केंद्र रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ ऐसे आध्यात्मिक स्थलों को संवारना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।

Share this

You may have missed