शराब, साला और सनकी जीजा: गालियों से तंग आकर जीजा ने की साले की नृशंस हत्या, रायपुर के उरला में सनसनी…NV News
Share this
NV News- रायपुर क्राइम न्यूज़: राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र उरला में रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने अपने ही साले की चापड़ (धारदार हथियार) से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, जीजा और साले के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन इस बार विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी जीजा अपने साले की लगातार गालियों और व्यवहार से तंग आ चुका था, जिसके बाद उसने साले को रास्ते से हटाने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने साले को भरोसे में लेकर साथ बैठाया और उसे जमकर शराब पिलाई। जब साला नशे में धुत हो गया, तब दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर ‘सनकी’ जीजा ने पास रखे चापड़ से साले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बहने के कारण साले की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की सूचना पर उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। उरला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। शराब के नशे में हुए इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और रिश्तों के बीच खत्म होती संवेदनाओं को उजागर किया है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है।

