Governance: बिलासपुर हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रजनी दुबे बनीं छत्तीसगढ़ RERA अपीलीय अधिकरण की अध्यक्ष…NV News

Share this

NV News रायपुर, 14 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के आवास एवं पर्यावरण विभाग ने भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 (RERA Act) के तहत एक महत्वपूर्ण नियुक्ति आदेश जारी किया है। बिलासपुर उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रजनी दुबे को छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण (RERA Appellate Tribunal), रायपुर के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।

आवास एवं पर्यावरण विभाग द्वारा यह नियुक्ति भू-संपदा अधिनियम की धारा 46 एवं धारा 47(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। जारी आदेश के अनुसार, अध्यक्ष के रूप में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रजनी दुबे का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम 05 वर्ष की अवधि अथवा 67 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो भी पहले हो) रहेगा। अध्यक्ष पद से संबंधित अन्य सेवा शर्तें एवं नियम पृथक से निर्धारित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े विवादों, बिल्डर्स और खरीदारों के बीच के अपीलीय मामलों की सुनवाई करने वाली सर्वोच्च राज्यस्तरीय संस्था है। सेवानिवृत्त न्यायाधीश रजनी दुबे की इस पद पर नियुक्ति से रेरा से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this

You may have missed