Folk Culture: मुख्यमंत्री निवास में दिखा हरेली तिहार का अद्भुत उत्साह: गेड़ी, रहचुली और लोकसंगीत संग साकार हुआ छत्तीसगढ़ी रंग…NV News

Share this

NV News रायपुर, 12 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व ‘हरेली तिहार’ के अवसर पर नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन की जीवंत झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव, गौमाता और नांगर, रापा, कुदाल व फावड़े जैसे कृषि औजारों की विधि-विधान से पूजा की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महिला ऑटो चालक संगीता यादव के पिंक ऑटो में सवार होकर अनूठे अंदाज में कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राज्य में अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और किसानों की समृद्धि की कामना की।

आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पारिजात का पौधा लगाया। आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने रायपुर के किसान इंद्र कुमार वर्मा को हार्वेस्टर सब्सिडी के रूप में 16 लाख रुपये का चेक सौंपा। साथ ही, खेतों में नैनो यूरिया का छिड़काव करने वाली ‘ड्रोन दीदी’ चंद्रकली वर्मा से संवाद कर उनकी सफलता की सराहना की। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रों से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहाँ किसानों को दालों के मिनी किट वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री निवास परिसर को नीम के पत्तों, गेंदे के फूलों और पारंपरिक ग्रामीण अलंकरण से सजाया गया था, जहाँ गेड़ी, बिल्लस, गोटी, बाटी और रहचुली झूला विशेष आकर्षण रहे। मांदर और ढोलक की थाप पर लोक कलाकारों के साथ मुख्यमंत्री स्वयं भी झूमे और ठेठरी, खुरमी तथा बड़ा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खानपान का स्वाद लिया। विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसान की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ के विकास का आधार है, और हरेली पर्व हमें अपनी जड़ों, प्रकृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की सीख देता है।

Share this

You may have missed