माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ के दूसरे दिन का शुभारंभ: केदार कश्यप और विजय शर्मा ने की पूजा-अर्चना…NV News
Share this
NV News दंतेवाड़ा/रायपुर, 13 अगस्त। बस्तर संभाग में निकाली जा रही ऐतिहासिक ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ के दूसरे दिन की शुरुआत अंचल की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के पावन धाम से हुई। यात्रा को आगे बढ़ाने से पहले प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ के समस्त प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की, जिसके पश्चात राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ बाइक रैली अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि माँ दंतेश्वरी की पावन धरती से तिरंगा यात्रा का आगे बढ़ना पूरे बस्तर के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक बाइक रैली नहीं, बल्कि बस्तर में पुनर्स्थापित हो रही शांति, अटूट विश्वास, जन-एकता और विकास के नए अध्याय का संदेश लेकर गांव-गांव तक पहुंच रही है। स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं द्वारा जगह-जगह भारत माता की जय के गगनभेदी नारों और तिरंगे झंडों के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
सफर के दूसरे दिन यह तिरंगा यात्रा दंतेवाड़ा से शुरू होकर कुआकोंडा, भूसारास घाटी, चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बकुलपाल, मिनपा-ताड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली जैसे पूर्व नक्सल प्रभावित व अति-संवेदनशील इलाकों से होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह माओवादी हिंसा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद जवानों व निर्दोष ग्रामीणों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है और ‘विकसित व शांत बस्तर’ का संकल्प दोहराया जा रहा है।

