National Event: बस्तर में गूंजा देशभक्ति का बिगुल: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर से शुरू की ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’…NV News

Share this

NV News रायपुर, 12 अगस्त 2026 : बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश देने के लिए बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री केदार कश्यप ने स्वयं बाइक चलाकर और हाथों में तिरंगा थामकर इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व किया। क्षेत्र के विभिन्न समाज प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री ने यात्रा में शामिल बच्चों व युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए बस्तर में विकास के नए दौर के आगाज का संदेश दिया।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नारायणपुर का चयन एक विशेष उद्देश्य से किया गया है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बनाई गई नीतियों के कारण नक्सलवाद पर पूर्णतः विराम लगा है। इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे दुर्गम गांव हैं, जहां आजादी के बाद पहली बार भारत का राष्ट्रध्वज पूरी आन-बान-शान से फहराया जाएगा। यात्रा के दौरान शहीद जवानों और नागरिकों की स्मृति में विभिन्न स्थानों से पावन मिट्टी भी एकत्र की जाएगी।

तीन दिनों तक चलने वाली यह तिरंगा यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर धौड़ाई, कड़ेनार, बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची। दूसरे दिन यह सुकमा और बीजापुर के अति-संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरेगी, जिसके बाद तीसरे दिन 14 अगस्त को बीजापुर की ऐतिहासिक कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर इसका समापन किया जाएगा। इस आयोजन में लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed