Shri Ramlala Darshan Yojana : प्रभु श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग और मर्यादा की प्रेरणा देता है – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी; रायगढ़ में 981 तीर्थयात्री वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान…NV News
Share this
NV News रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक आदर्श है। उनका जीवन हमें संघर्ष, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम ने राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद अनेक कठिनाइयों का सामना किया और 14 वर्षों का वनवास स्वीकार किया। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों से विचलित हुए बिना समाज और मानवता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी आज रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के अंतर्गत तीर्थयात्रा कर लौटे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों (ग्रामीण क्षेत्रों के 861 तथा शहरी क्षेत्रों के 120) को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का गहरा सांस्कृतिक संबंध
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और माता कौशल्या यहां की बेटी थीं। छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम को स्नेहपूर्वक ‘भांचा राम’ कहा जाता है, और उनके चरण स्पर्श करने की यह परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए इन योजनाओं को लगातार आगे बढ़ा रही है।
अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई है। इस दौरान वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में कम से कम एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
दिग्गजों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल, सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। तीर्थयात्रा से लौटे वरिष्ठजनों ने अपने भावुक अनुभव साझा करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

