सिंघौरी में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 600 बोरी अवैध खाद जब्त कर गोदाम किया गया सील…NV News

Share this

NV News- खैरागढ़: खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों को धोखाधड़ी से बचाने और उन्हें गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम सिंघौरी में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान विभाग को अवैध रूप से उर्वरक भंडारण की सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध खाद बरामद की गई है।

कृषि विभाग की इस औचक कार्रवाई में ग्राम सिंघौरी स्थित एक गोदाम से लगभग 600 बोरी अवैध खाद जब्त की गई है। बिना वैध दस्तावेजों और अनुमति के किए गए इस भंडारण पर कड़ा रुख अपनाते हुए विभाग ने खाद को अपने कब्जे में ले लिया और संबंधित गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर ताला जड़ दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले भर में खाद, बीज और कीटनाशकों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कृषि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की नकली या अवैध खाद-बीज की आपूर्ति न हो। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध खाद भंडारण या ऊंची कीमतों पर बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this

You may have missed