Singapore Investment News: CM विष्णु देव साय की गार्डन्स बाय द बे से चर्चा, सिंगापुर के उद्योग जगत को निवेश का न्योता…NV News

Share this

NV News रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित इस फोरम के दौरान छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं, हरित विकास और आर्थिक साझेदारी के अवसरों को सामने रखा जा रहा है।

गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से हुई अहम बैठक

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध Gardens by the Bay के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ, डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की।

बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संभावित संस्थागत सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता वाला प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता और अनुभवों का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है। इससे पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर तैयार होने की संभावना है।

SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने SING Forum 2026 की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित Leadership Dinner में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून मौजूद रहे।

लीडरशिप डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के अलावा मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी सहभागिता की।

इस आयोजन में भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर संवाद हुआ।

सिंगापुर के निवेशकों के सामने रखीं छत्तीसगढ़ की संभावनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को सामने रखा। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों, MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान राज्य में निवेश और आर्थिक सहयोग के लिए संभावित क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई।

5 अक्टूबर को SING Forum, 6 अक्टूबर को CEO Roundtable

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित CEO Roundtable में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

Share this

You may have missed