Jashpur Farmers News: जशपुर में किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन की कड़ी निगरानी से कालाबाजारी पर रोक….NV News

Share this

रायपुर: खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जशपुर जिले में खाद, बीज एवं कृषि ऋण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कृषि एवं सहकारिता विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले की आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में कृषि आदानों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। मानसून की शुरुआत के साथ ही खेतों में काम तेज हो गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। खाद-बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी और उर्वरकों के अवैध विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

उप संचालक कृषि एम.आर. भगत ने बताया कि किसानों को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की अनुशंसाओं के अनुरूप उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही विभागीय अमला गांव-गांव पहुंचकर किसानों को वैज्ञानिक खेती और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी जरूरी जानकारी भी दे रहा है। किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, हरी खाद और जैविक विकल्पों को अपनाने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक भूमि की प्राकृतिक उर्वरता बनी रहे और फसलों की उत्पादन क्षमता में अच्छी वृद्धि हो सके।

किसानों की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए जशपुर जिले में सहकारी समितियों की संख्या को 24 से बढ़ाकर अब 44 कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण और व्यावहारिक फैसले से किसानों को खाद एवं बीज प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। अपने ही क्षेत्र में समितियां होने से किसानों के समय और परिवहन व्यय (गाड़ी भाड़ा) दोनों में बड़ी बचत हो रही है। समितियों के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आदानों की पहुंच बेहद आसान और पारदर्शी हो गई है।

वर्तमान में जिले की इन 44 सहकारी समितियों में 9,285 मीट्रिक टन विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का सुरक्षित भंडारण किया गया है, जिसमें से 3,681 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा चुका है। इसी प्रकार उन्नत किस्म के 6,836 क्विंटल धान बीज का भंडारण किया गया है, जिसमें से 1,872 क्विंटल बीज किसानों तक पहुंचाया जा चुका है। कृषि विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में खेती की आगामी मांग को देखते हुए खाद एवं बीज का भंडारण लगातार और बढ़ाया जा रहा है ताकि ऐन वक्त पर किल्लत न हो।

कृषि ऋण वितरण के क्षेत्र में भी जशपुर जिले ने इस बार उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 10,187 किसानों को कुल 37 करोड़ 79 लाख 12 हजार रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें 31 करोड़ 33 लाख 08 हजार रुपये नगद तथा 6 करोड़ 46 लाख 04 हजार रुपये वस्तु ऋण के रूप में दिए गए हैं। इस समय पर मिली आर्थिक सहायता से किसानों को खाद-बीज खरीदने और खेती की शुरुआती लागत वहन करने में बड़ी मदद मिल रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की टीमें लगातार निजी केंद्रों और सहकारी समितियों की नियमित जांच कर रही हैं।

Share this

You may have missed