Crime News: दिनदहाड़े बड़ी लूट, बैंक से धान का बोनस निकाल कर लौट रही युवती से 38 हजार छीने…NV News

Share this

NV News अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े लूट की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां चंदनई नदी पुल के पास मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी से जा रही एक युवती को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने युवती के पास मौजूद 38 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस छीनाझपटी और हमले के दौरान युवती अपनी चलती स्कूटी से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती अपने बैंक खाते से धान बोनस की मिली राशि का आहरण करने के लिए बैंक गई हुई थी। बैंक से 38 हजार रुपये नकद निकालने के बाद वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर वापस अपने घर की ओर लौट रही थी। वह जैसे ही लखनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित चंदनई नदी के पुल के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक बाइक पर सवार दो अज्ञात नकाबपोशों ने उसकी स्कूटी को ओवरटेक करते हुए रोकने का प्रयास किया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।

बदमाशों द्वारा अचानक किए गए इस हमले और बैग की छीनाझपटी के दौरान युवती ने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण वह स्कूटी सहित सड़क पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। युवती के गिरते ही लुटेरों ने रुपयों से भरा बैग उसके हाथ से झटका और अपनी मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर अंबिकापुर की तरफ तेजी से भाग निकले। राहगीरों ने तत्काल लहूलुहान हालत में पड़ी युवती की मदद की और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और उसके परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात नकाबपोश लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share this

You may have missed