जादू-टोने के शक में बुजुर्ग को बोलेरो से कुचला, पिता-चाचा के साथ मिलकर हत्या की साजिश…NV News

Share this

NV News जशपुर, 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोने के शक को लेकर एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र में 68 वर्षीय जोयो राम की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद और तंत्र-मंत्र का शक था।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक यादव (21) को शक था कि जोयो राम की पत्नी तंत्र-मंत्र करती है। आरोपी को आशंका थी कि इसी वजह से उसके परिवार के कई सदस्य बीमार हुए हैं। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते दीपक ने अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। 29 सितंबर को जोयो राम खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन पर बोलेरो चढ़ा दी गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपियों ने मामले को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की जांच में घटनाक्रम को लेकर संदेह सामने आया और जांच आगे बढ़ने पर हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

Share this