Crime News: अवैध सूदखोरी और प्रताड़ना के खिलाफ वैशालीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो महिलाएं गिरफ्तार; 3.80 लाख रुपये नकद और कोरे चेक जब्त…NV News
Share this
NV News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध सूदखोरी और कर्जदारों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। वैशालीनगर थाना पुलिस ने ब्याज के नाम पर मनमाने पैसे वसूलने और पीड़ितों को धमकाने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 3.80 लाख रुपये नकद, लेन-देन से जुड़ी डायरियां, ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वैशालीनगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने वर्ष 2024 में अपनी जरूरत के लिए 50 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। आरोप है कि कर्ज देते समय सुरक्षा के नाम पर आरोपियों ने उनके ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवाकर रखवा लिए थे।
पीड़िता का कहना है कि वह मूलधन के एवज में ब्याज के रूप में 72,500 रुपये पहले ही चुका चुकी थीं, इसके बावजूद आरोपियों द्वारा उनसे 1.50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। पैसे न देने पर आरोपियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की कार्रवाई और जब्ती
शिकायत मिलने के बाद वैशालीनगर पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए मामले की जांच शुरू की और दोनों संदिग्ध महिलाओं को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 3.80 लाख रुपये नकद और अवैध उगाही से जुड़े कई दस्तावेज, डायरी तथा ब्लैंक चेक जब्त किए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध सूदखोरी के कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

