Raipur News: मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई पीपीपी मूल्यांकन समिति की बैठक, नवा रायपुर कन्वेंशन सेंटर और बिलासपुर ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट पर हुई चर्चा…NV News
Share this
Raipur News: राजधानी रायपुर के मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मूल्यांकन समिति की उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में अधोसंरचना विकास और औद्योगिक निवेश को तेजी से बढ़ावा देना है, जिसके तहत कई प्रमुख प्रस्तावों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में इन प्रमुख परियोजनाओं और प्रस्तावों पर हुई चर्चा:
नवा रायपुर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर: अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कन्वेंशन सेंटर के लिए निविदा (Tender) शर्तों और रियायत समझौते के संशोधित प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि अधिक से अधिक अनुभवी डेवलपर्स को आकर्षित किया जा सके।
बिलासपुर ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट: शहर में लॉजिस्टिक्स और परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट के न्यूनतम विकास दायित्वों और प्री-बिड बैठक में मिले सुझावों पर चर्चा हुई।
रायपुर (पंडरी) जेम्स एंड ज्वैलरी पार्क: कृषि उपज मंडी की भूमि पर बनने वाले इस पार्क के लिए राजस्व विभाग द्वारा जारी भूमि आवंटन शर्तों में एकरूपता लाने और विकास अवधि के समन्वय पर विचार किया गया।
भिलाई और धमतरी औद्योगिक परियोजनाएं: बैठक में जानकारी दी गई कि भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लैटेड फैक्ट्री की परियोजनाओं को अब छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CSIDC) द्वारा खुद विकसित किया जाएगा। इसके अलावा धमतरी के छाती औद्योगिक क्षेत्र पर भी चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का क्रियान्वयन पूरी तरह पारदर्शी, उच्च गुणवत्ता वाला और समयसीमा के भीतर हो, जिससे निवेशकों को अनुकूल माहौल मिल सके।
इस उच्च स्तरीय बैठक में वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित समिति के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

