Cyclone Arnab Relief Measures : चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए सर्वे और मुआवजे के निर्देश…NV News

Share this

NV News: रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को बेहद गंभीरता से लिया है। इसे लेकर उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वे (सर्वेक्षण) कराने और प्रभावित किसानों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावित किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ मैदानी स्तर पर काम करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए।

आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता

जारी निर्देशों के अनुसार, आर.बी.सी. (Revenue Book Circular) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के तहत पात्र किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा और सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण से लेकर राहत राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, ताकि किसानों को समय पर आर्थिक संबल मिल सके।

Share this

You may have missed