CG News: चक्रवात अर्नब से फसलों को नुकसान पर मंत्री टंकराम वर्मा का बड़ा बयान, कहा- अनावरी रिपोर्ट के आधार पर किसानों को मिलेगा मुआवजा….NV News

Share this

NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ में ‘अर्नब’ चक्रवात के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण धान व सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुँचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच आपदा प्रबंधन एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में फसलों को क्षति पहुँची है, वहाँ अनावरी रिपोर्ट (फसल की स्थिति का आकलन) के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और RBC 6-4 के तहत मिलेगा मुआवजा

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवा की स्थिति बनी है, लेकिन इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। नुकसान का सही आकलन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों के तहत राहत राशि प्रदान की जाएगी।

धान खरीदी और गिरदावरी के समय पटवारियों की हड़ताल पर जताई नाराजगी

राजस्व मंत्री ने प्रदेश में पिछले 15 दिनों से चल रही पटवारियों की हड़ताल पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पटवारियों को हड़ताल पर जाने से पहले सरकार से चर्चा करनी चाहिए थी, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।

मंत्री वर्मा ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में धान खरीदी से पहले ‘गिरदावरी’ (फसल रकबा पंजीयन) का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। इस दौरान पटवारियों के काम पर न होने से राजस्व कार्य और कृषि भूमि से जुड़े आंकड़े प्रभावित हो सकते हैं, जो धान खरीदी प्रक्रिया के लिए बेहद अहम होते हैं।

Share this

You may have missed