नशीली सिरप के बड़े सौदागर पर गुढ़ियारी पुलिस का शिकंजा: दुर्ग का आरोपी 249 शीशी कोडीन सिरप के साथ गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News- Raipur Drug Peddler Arrested: राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाई जा रही ताबड़तोड़ मुहिम के तहत नॉर्थ जोन की गुढ़ियारी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर प्रतिबंधित नशीली कोडीन सिरप की बड़ी खेप के साथ एक शातिर अंतरजिला नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीली सिरप और तस्करी में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब ₹1,40,000 आंकी गई है।

पेट्रोल पंप के पास ग्राहक की तलाश में था तस्कर

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (DCP North Zone) श्री मयंक गुर्जर (IPS) के दिशा-निर्देश, एडिशनल डीसीपी श्री आकाश मरकाम और एसीपी सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस को विश्वसनीय मुखबीर से पुख्ता सूचना मिली थी कि थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झाबक पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर खड़ा है और उसे खपाने के लिए किसी बड़े ग्राहक या पेडलर की तलाश कर रहा है।

बैग की तलाशी में खुली पोल, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मुखबीर के बताए हुलिए के आधार पर संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू (उम्र 33 वर्ष), निवासी मंगल वाड़ा, थाना चरोदा (जिला दुर्ग) बताया। जब पुलिस टीम ने उसके बैग की गहन तलाशी ली, तो उसके भीतर से प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप की 249 शीशियां (कुल मात्रा लगभग 25 लीटर) बरामद हुईं। वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी पुलिस को गुमराह करने लगा। कड़ाई करने पर उसने अवैध तस्करी की बात कबूल कर ली। गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 21(सी) एन.डी.पी.एस. (NDPS) एक्ट के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज (सप्लाई चेन) की कड़ियां खंगाल रही है।

Share this

You may have missed