मुख्यमंत्री अरुण साव: कोण्डागांव में ₹104 करोड़ की अमृत जल योजना और NH-130D का किया निरीक्षण; अफसरों को दिए कड़े निर्देश…NV

Share this

NV News- Deputy CM Arun Sao Bastar Visit: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन कोण्डागांव जिले का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) निर्माण कार्यों का जमीनी निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन और पीएचई विभाग के अधिकारियों सहित निर्माण एजेंसियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

बरसात में न हो जनता को परेशानी: साव

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माणाधीन कोण्डागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी (NH-130D) के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सड़क के साथ-साथ इस मार्ग पर बन रहे पुल-पुलियों के निर्माण की लेट-लतीफी पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में इस निर्माणाधीन सड़क या पुलों की वजह से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवाजाही में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ठेकेदार और विभाग मिलकर जलभराव या डाइवर्शन की स्थिति से निपटने के लिए पहले से मुकम्मल इंतजाम कर लें।

₹104 करोड़ की जल प्रदाय योजना का 85% काम पूरा

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत कोण्डागांव नगर पालिका में पेयजल आपूर्ति के लिए 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने इस प्लांट का अवलोकन कर तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली इस वृहद योजना का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके तहत कोण्डागांव से 25 किलोमीटर दूर कोसारटेडा बांध से पानी लाकर, उसे फिल्टर कर दो नए ओवरहेड टैंकों के जरिए घर-घर शुद्ध नल कनेक्शन दिया जाएगा। साव ने इस कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे जल्द चालू करने को कहा।

इसके साथ ही उन्होंने कोपाबेड़ा में 3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से हो रहे तालाब सौंदर्यीकरण और कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बन रही 2.9 किलोमीटर लंबी सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। अंत में उन्होंने चिखलपुट्टी में नवनिर्मित बस स्टैंड का अवलोकन कर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed