नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: होटल, बार और कैफे में गंदगी मिलने पर लगा जुर्माना; थाली एक्सप्रेस, मधुशाला बार और इंडियन कॉफी हाउस पर एक्शन…NV News
Share this
NV News- Raipur Municipal Corporation Action: राजधानी रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बीच गंदगी फैलाने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 5 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वच्छता से संबंधित जनशिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के कड़े निर्देशानुसार और जोन 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में टीम ने कई नामचीन होटलों, बार और कैफे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भारी गंदगी पाए जाने पर संबंधित संचालकों से कुल ₹9,500 का स्पॉट फाइन (नकद जुर्माना) वसूला गया।
इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज
नगर निगम से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब गोल चौक स्थित ‘थाली एक्सप्रेस होटल’ और ‘मधुशाला बार’ का औचक निरीक्षण किया, तो वहां स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन और गंदगी पाई गई। इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों संस्थानों पर ₹3,000-₹3,000 का जुर्माना लगाया गया। इसी तरह कुशालपुर चौक स्थित प्रसिद्ध ‘इंडियन कॉफी हाउस’ (ICH) में भी गंदगी मिलने पर ₹2,000 का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा आमापारा क्षेत्र में सड़क किनारे गंदगी फैलाने वाले एक फल ठेला संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए ₹1,500 का जुर्माना वसूला गया।
दोबारा गंदगी मिलने पर सील करने की चेतावनी
निगम अधिकारियों ने बताया कि इन सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मौके पर पहुंची टीम ने जब जनशिकायत को सही पाया, तब यह ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी संबंधित व्यवसायियों और प्रबंधकों को कड़ी हिदायत देते हुए चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा निरीक्षण के दौरान डस्टबिन का उपयोग न करने या परिसर के आस-पास कचरा और गंदगी फैलाने की पुनरावृत्ति पाई गई, तो उनके प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जोन 5 के स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू और प्रेम मानिकपुरी सहित निगम का दस्ता मुस्तैद रहा।

