डेढ़ एकड़ निजी भूमि पर अवैध प्लाटिंग का खेल खत्म, निगम ने जेसीबी चलाकर उखाड़ी सड़कें…NV News
Share this
रायपुर: राजधानी में भू-माफियाओं के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार, जोन 10 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 55 (रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड) के मोती नगर, प्रगति विहार में बड़ी कार्रवाई की गई। यहाँ कमल विहार (कौशल्या विहार) के समीप लगभग डेढ़ एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग का प्रयास किया जा रहा था। निगम की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर अवैध रूप से बिछाई गई मुरूम रोड को जेसीबी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने न केवल सड़कों को काटा, बल्कि भविष्य में होने वाले किसी भी निर्माण को रोकने के लिए आवागमन के रास्तों को भी पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के की जा रही किसी भी प्रकार की प्लाटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता आशीष शुक्ला, सहायक अभियंता योगेश यदु, श्री सुशील अहीर और उप अभियंता श्री राहुल थारानी सहित निगम का भारी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भी सचेत किया है कि वे ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। निगम प्रशासन अब उन अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करने में जुटा है, जो इस अवैध प्लाटिंग के खेल के पीछे मुख्य सूत्रधार हैं।

