राजपरिवार के मंदिर में बड़ी चोरी: बेशकीमती चांदी का मुकुट पार, इलाके में सनसनी!…NV News
Share this
कवर्धा। रियासत कालीन आस्था के केंद्र और राजपरिवार के निजी हनुमान मंदिर मंदिर में बीती रात चोरों ने बड़ी दुस्साहसपूर्ण वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर की सुरक्षा को धता बताते हुए गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान की प्रतिमा पर सुशोभित 10 तोला वजनी चांदी का मुकुट पार कर दिया। सुबह जब मंदिर के पट खुले और सिंहासन से मुकुट गायब मिला, तो यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से मौके पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों और संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं। राजपरिवार से जुड़े इस प्राचीन मंदिर में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है।
पुलिस अब मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रास्ते का सुराग मिल सके। आला अधिकारियों का कहना है कि चोरों के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और चोरी गए बेशकीमती मुकुट की बरामदगी के लिए घेराबंदी तेज कर दी गई है।

