Chhattisgarh Rajyotsav Air Show 2026 : सेंध लेक में भारतीय वायु सेना के एयर-शो ने बिखेरा अदम्य शौर्य का जलवा, राज्यपाल रमेन डेका और दर्शकों ने देखा रोमांचक नजारा…NV News
Share this
NV News रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक के पास आयोजित भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो आकर्षण का केंद्र रहा। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य रूप से शामिल हुए। वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज के जांबाजों ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एयर-शो के प्रमुख आकर्षण:
- सारंग हेलीकॉप्टर टीम का रोमांच: ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम के 5 हेलीकॉप्टरों ने एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले ‘क्रॉसओवर’ और आकर्षक फॉर्मेशन से दर्शकों की सांसें थाम दीं।
- ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष: हवाई प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के कॉकपिट से जब ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की गूंज सुनाई दी, तो प्रदेशवासियों का उत्साह दोगुना हो गया।
- आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स: टीम के जांबाजों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर अपनी सटीकता और संतुलन का परिचय देते हुए सेंध लेक के पास सटीक लैंडिंग की।
- गरुड़ कमांडोज का कॉम्बैट प्रदर्शन: एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग कर नीचे उतरे कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी त्वरित कार्रवाई की क्षमता दिखाई।
- तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन: कार्यक्रम के अंत में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के साथ आसमान में तिरंगे के रंगों की आकर्षक छटा बिखेरी गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने वायु वीरों के इस साहसिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता का जीवंत परिचय देता है। इस भव्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद-विधायकगण और भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

