CGPSC भर्ती घोटाला: अब छत्तीसगढ़ में ED की ताबड़तोड़ एंट्री, पूर्व चेयरमैन सोनवानी और IAS खलको समेत 5 ठिकानों पर दबिश…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में सीबीआई (CBI) की जांच के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी धमाकेदार एंट्री हो गई है। ईडी की टीमों ने आज सुबह एक साथ प्रदेश के पांच महत्वपूर्ण ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। केंद्रीय एजेंसी की इस मनी लॉन्ड्रिंग जांच के दायरे में आयोग के कई पूर्व शीर्ष अधिकारी और उनके करीबी आ गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में बड़ी गिरफ्तारियों की संभावना बढ़ गई है।

ईडी की इस बड़ी दबिश के मुख्य निशानों पर CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी, पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव और पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक शामिल हैं। इसके अलावा, टीम ने राज्यपाल के पूर्व सचिव और सीनियर आईएएस (IAS) अधिकारी अमृत खलको के साथ-साथ इस घोटाले के एक अन्य मुख्य आरोपी ललित गणवीर के भाई भूपेंद्र गनवीर के निवास स्थान पर भी एक साथ धावा बोला है। इन सभी ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड्स जब्त किए जा रहे हैं।

इस मामले में पहले से ही सीबीआई जांच चल रही थी, लेकिन अब ईडी की एंट्री से साफ हो गया है कि भर्ती के नाम पर करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत मिले हैं। युवाओं के भविष्य के साथ हुए इस बड़े खिलवाड़ को लेकर राज्य सरकार की सिफारिश के बाद केंद्रीय एजेंसियां लगातार शिकंजा कस रही हैं। रायपुर और दुर्ग समेत विभिन्न जिलों में चल रही ईडी की इस मैराथन छापेमारी के नतीजों पर अब पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this

You may have missed