मातम: खेत की बाड़ में दौड़ा करंट, चपेट में आने से मां और दो सगे बेटों की तड़पकर मौत; एक ही चिता पर मुखाग्नि…NV News

Share this

तखतपुर/बिलासपुर, 4 जुलाई 2026। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र से एक बेहद ही हृदयविदारक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के ग्राम पंचायत भाड़म में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। खेत में फेंसिंग (कटीले तार) लगाने के दौरान अचानक फैले करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो सगे बेटे शामिल हैं। इस भीषण त्रासदी के बाद से पूरे गांव में चूल्हे नहीं जले हैं और हर आंख नम है।

काम के दौरान हुआ काल का ग्रास

मिली जानकारी के अनुसार, भाड़म गांव का यह पीड़ित परिवार शनिवार को अपने खेत में फसलों की सुरक्षा के लिए लोहे के कटीले तार (बाड़) लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान कटीला तार कहीं से पास से गुजरी विद्युत प्रवाहित लाइन या मोटर पंप के लाइव वायर से छू गया, जिससे पूरे फेंसिंग तार में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया।

खेत में काम करते समय जैसे ही एक सदस्य करंट की चपेट में आया, उसे बचाने के चक्कर में दूसरा और फिर तीसरा सदस्य भी उसकी जद में आ गया। करंट इतना जबरदस्त था कि मां और दोनों बेटों को संभलने या शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में मातम

खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने जब तीनों के शवों को बेसुध पड़े देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। एक ही घर के तीन लोगों की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। करंट लगने के सही कारणों और बिजली विभाग या किसी अन्य स्तर पर हुई लापरवाही की बारीकी से जांच की जा रही है।

Share this

You may have missed