Bijapur Security News: बीजापुर के जंगलों में CRPF का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 14 नक्सली डंप से हथियार और 99 तरह की सामग्री बरामद…NV News

Share this

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए। कार्रवाई में हथियारों और विस्फोटक सामग्री समेत कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना के आधार पर एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को एक .303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल मिली। इसके अलावा 10 आईईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक व स्टील कंटेनर तथा आईईडी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री भी बरामद की गई।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान किसी जवान या नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है। बरामदगी के बाद इलाके में सर्चिंग और निगरानी को और मजबूत किया गया है।

बीजापुर के जंगलों में लगातार चल रहे अभियानों के बीच हथियार और विस्फोटक के इन ठिकानों का मिलना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this

You may have missed