Crime News: जमीन और पैसों के विवाद में दो भाइयों ने कुदाली से किया हमला, घायल की हालत गंभीर…NV News

Share this

NV News मुंगेली। जिले के ग्राम औराबांधा में जमीन और रुपए-पैसों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर दो सगे भाइयों द्वारा कुदाली से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में हरिवंश सिंह उर्फ विनोद सिंह (55) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे गांव में मारपीट की सूचना मिलने के बाद डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां हरिवंश सिंह घायल अवस्था में मिले। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल मुंगेली जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हरिवंश सिंह की जमीन को गांव के ही राजू मरकाम और संतोष मरकाम कई वर्षों से अधिया पर लेकर खेती करते थे। बताया जा रहा है कि इस वर्ष दोनों को जमीन की अधिया से हटा दिया गया था। इसी दौरान जमीन और रुपए के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद और रंजिश की स्थिति बनी हुई थी।

आरोप है कि हरिवंश सिंह जब अपने खेत की ओर जा रहे थे और आरोपियों के घर के सामने से गुजर रहे थे, तभी राजू और संतोष ने कथित तौर पर उन्हें रोककर कुदाली से हमला कर दिया। हमले में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे जमीन की अधिया व्यवस्था खत्म किए जाने और पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। हालांकि, हमले की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this

You may have missed