Administrative Directives: नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने ली साप्ताहिक टीएल बैठक: राजस्व वसूली तेज करने और अवैध प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई के सख्त निर्देश…NV News
Share this
NV News रायपुर, 13 अगस्त 2026 : रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने आज निगम मुख्यालय भवन (महात्मा गांधी सदन) के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल (TL) बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने और नगर निगम के राजस्व हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट ‘पुनर्जीवन’ की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने शहर के सभी वार्डों में विशेष अभियान चलाकर पेड़ों के चारों ओर पूर्व में लगाए गए कंक्रीट के घेरे, ट्री-गार्ड और पेवर ब्लॉक्स को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि वृक्षों का प्राकृतिक विकास बाधित न हो। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना के प्रसार, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई, रैन वाटर हार्वेस्टिंग अभियान को गति देने तथा सीएम व कलेक्टर हेल्पलाइन में प्राप्त जन-शिकायतों का त्वरित निवारण करने को कहा।
नगर निगम की आय बढ़ाने और पेयजल व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में जारी अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें कराधान (Taxation) व्यवस्था से जोड़ा जा सके। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे, शहर में पारदर्शी विज्ञापन नीति के क्रियान्वयन तथा भवन अनुज्ञा के प्रकरणों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे सहित सभी जोन कमिश्नर व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

