श्यामगिरी में शहीद पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी को वन मंत्री केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि…NV News

Share this

NV News दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026 : बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी पहुंचकर वर्ष 2019 में नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन विधायक स्व. भीमा मंडावी सहित सभी वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने शहादत स्थल पर मौन धारण कर वीरों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस अवसर पर स्व. भीमा मंडावी की धर्मपत्नी ओजस्वी मंडावी और शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की माटी वीरों के त्याग और बलिदान की साक्षी रही है। कभी भय और हिंसा से प्रभावित रहा यह क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर अग्रसर है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता की जिजीविषा से आज नक्सलवाद परास्त हुआ है और बस्तर के हर कोने में पूरे गौरव के साथ तिरंगा लहरा रहा है। ग्रामीणों की मांग पर डिप्टी सीएम ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नामकरण ‘शहीद भीमा मंडावी मार्ग’ करने के लिए कलेक्टर को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से मंत्रीद्वय ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 वीरों की याद में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया और शहादत स्थल की पवित्र मिट्टी संग्रहित की। इस दौरान नेताओं ने बिहान समूह की स्वसहायता महिलाओं और राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेताओं से भी आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed