Disaster News : 3 हाथियों का तांडव, 3 मकान जमींदोज; 15 किसानों की फसल रौंदी…NV News
Share this
NV News बिलासपुर/मरवाही, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश की सीमा से दाखिल हुए तीन हाथियों के एक दल ने भारी तबाही मचा रखी है। हाथियों के इस दल की लगातार मौजूदगी से क्षेत्र के दर्जनभर गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों ने चिचगोहना गांव में धावा बोलकर तीन ग्रामीणों के कच्चे मकानों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। गनीमत यह रही कि समय रहते ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मकानों को नुकसान पहुंचाने के अलावा हाथियों का यह दल आसपास के कृषि खेतों की ओर रुख कर गया। चिचगोहना और घुसरिया गांवों में हाथियों ने लगभग 15 से अधिक किसानों की खेतों में खड़ी फसलों को पूरी तरह रौंदकर बर्बाद कर दिया है। लगातार हो रहे इस नुकसान से स्थानीय किसानों की महीनों की मेहनत पानी में फिर गई है। हाथियों की दस्तक से ग्रामीण रात-रात भर जगकर अपने घरों और परिवारों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई है और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का विस्तृत सर्वे कर रही है। वन अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित किसानों और मकान मालिकों को शासन के नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और रात के समय सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। वन अमला हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए है और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है।

