Chhattisgarh-Singapore Investment: सिंगापुर में कौशल विकास समझौता, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ निवेश; FDI प्रस्ताव ₹43,600 करोड़ तक पहुंचा….NV News

Share this

NV News रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मिले। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षण को लेकर एमओयू किया गया। वहीं Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने के लिए ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया। इसके साथ ही सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि ₹43,600 करोड़ तक पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में लेने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए समझौता हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का भ्रमण कर उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल की जानकारी ली।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल से छत्तीसगढ़ में भी उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण मिले, ताकि वे प्रदेश में ही बेहतर करियर बना सकें और यहां आने वाले उद्योगों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो।

किसानों की उपज को मिलेगा प्रोसेसिंग और निर्यात का बाजार

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के निवेश के लिए आमंत्रित किया। 22 देशों में कारोबार करने वाली यह कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी।

प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा, नए बाजार उपलब्ध होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर चर्चा

सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित अन्य कंपनियां शामिल थीं।

बैठक में छत्तीसगढ़ की निवेश नीतियों, सुधारों और कारोबारी वातावरण की जानकारी दी गई। टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। बैठक में GFTN के ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित उनकी टीम शामिल हुई।

इस दौरान छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निवेश चर्चाओं से कौशल विकास, एग्रो प्रोसेसिंग, तकनीक, डिजिटल फाइनेंस और वैश्विक साझेदारी के क्षेत्रों में नए अवसरों पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

Share this

You may have missed